
कानपुर देहात। जिले में बुधवार को यम द्वितीया का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों को रोचना करने की तैयारी शुरू कर दी। घरों में रंगोली सजाई गई साथ ही पकवान भी बनाए गए। इसके बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर मुंह मीठा कराया।वहीं जेल में निरुद्ध भाइयों को रोचना करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सुबह से ही जेल गेट पर पहुंच गईं। हाथों में रोचना और मिठाई लेकर बहनों ने कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। जबकि भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा का वचन दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाइयों के घर पहुंचकर रोचना किया । इसके अलावा पौराणिक परंपरा का निर्वहन करते हुए यम द्वितीया के मौके पर तमाम भाइयों ने बहनों की ससुराल जाकर रोचना कराया।जबकि तमाम भाई भी रोचना कराने बहनों के घर पहुंचे। इधर भइया दूज पर माती जेल में निरुद्ध भाइयों को रोचना के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने परिजनों व बच्चों के साथ सुबह से जेल गेट पर डेरा जमा लिया था। इससे जेल गेट पर मेले जैसा नजारा रहा। घंटों लाइन में लगकर इंतजार के बाद मुलाकात की बारी आई। जेल के अंदर बंदियों की बहनों से मुलाकात शुरू हुई। बहनों ने नम आंखों के बीच बंदियों को रोचना कर मिठाई खिलाई। भावुक माहौल में बहन-भाइयों की मुलाकात का क्रम दोपहर बाद तक चला। जेल अधीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि 262 महिलाओं ने 162 बंदियों को रोचना किया, जबकि दो महिला बंदियों से उनके एक भाई ने मुलाकात की। महिलाओं के साथ 76 बच्चे भी जेल में मुलाकात के लिए आए ।
-बहनों ने भाइयों के लिए जमकर खरीदी मिठाइयां
यम द्वितीया के मौके पर नगरीय क्षेत्रों में सजे मिठाई के स्टालों पर सुबह से ही भीड़ जुटी रही। भाइयों को रोचना करने निकली महिलाओं ने दुकानों में पहुंचकर अपनी क्षमता के अनुरूप मिठाइयां खरीदी। दोपहर तक कई दुकानों में मिठाई का स्टाक ही खत्म हो गया। जबकि कुछ दुकानों में शाम तक बिक्री जारी रही। अकबरपुर के अमित चौरसिया रूरा के महेश गुप्ता आदि ने बताया कि इस बार ठीक ठाक मिठाइयों की बिक्री हुई।




