

कानपुर देहात। दीवाली के त्योहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री व निर्माण रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार को झींझक, महोई व अंगदपुर में छापा मारा। इस मौके पर टीम ने खोया पनीर, लड्डू, व मिल्क केक के चार नमूने संकलित किए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोग शाला भेजा गया।
दीवाली के त्योहार के मौके पर मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री व निर्माण रोकने के लिए आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन के साथ ही डीएम ने अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके पांडेय की अगुवाई में एफएसओ राम बिहारी, दिनेश चंद्र,महेद्र नाथ सिंह , अरविंद कुमार गौड व डॉ. रामतेज की टीम ने महुआ मोहाई के सुबोध सिंह के यहां छापा मारकर पनीर का नमूना संकलित किया। जबकि यहीं के नीलेंद्र सिंह की दुकान से लड्डू का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने शंकर गंज झींझक के रंजीत कुमार के यहां से मिल्ककेक का व अंगदपुर के अविनाथ के यहां से खोया का एक नमूना संकलित किया। सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर छापे मारकर चार नमूने संकलित किए हैं। इनको जांच कराने के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




