
कानपुर देहात से कानून-व्यवस्था और समाज की सोच पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ डेरापुर थाना क्षेत्र के ख़िरवा गाँव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक को कानून हाथ में लेकर ऐसी सजा दी गई, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
जानकारी के मुताबिक, एक शादीशुदा महिला से मिलने उसका प्रेमी देर रात उसके घर पहुँचा था। लेकिन इस बात की भनक महिला के परिजनों को लग गई। फिर क्या था… घरवालों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गुस्साए परिजनों ने कानून को ताक पर रखते हुए कोर्ट-कचहरी या पुलिस के पास जाने के बजाय खुद ही सजा देने का फैसला कर लिया।
घर के आंगन में ही प्रेमी को पहले तो रस्सियों से बांधा गया, और फिर लाठी-डंडों व घूंसों से उसकी बेदर्दी से पिटाई की गई। इस दौरान महिला को भी पीटा गया।
पड़ोस में रहने वाले किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कुछ ही देर में यह वीडियो वायरल हो गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। डेरापुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
लेकिन इस पूरी घटना ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या किसी को भी कानून हाथ में लेकर इस तरह ‘तालिबानी सजा’ देने का अधिकार है?
वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन।





