
कानपुर देहात: राघव गोवर्धन गौशाला पर लगे आरोपों के बाद पहुंचे अधिकारी, निरीक्षण में व्यवस्थाएं पाई गईं दुरुस्त..

कानपुर देहात। मैथा तहसील अंतर्गत शिवली कस्बा स्थित राघव गोवर्धन गौशाला पर किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद प्रशासनिक तंत्र हरकत में आ गया। एसडीएम, तहसीलदार और मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी (CVO) ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर गौशाला का औचक निरीक्षण किया।
हाल ही में किसानों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया था कि गौशाला संचालक रात के समय गौवंशों को बाहर छोड़कर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। हालांकि, अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में गौशाला में किसी प्रकार की खामी नहीं पाई गई और पशुओं के चारे व रखरखाव की व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। एहतियात के तौर पर एसडीएम ने गौशाला संचालक को परिसर की तारबंदी कराने के निर्देश दिए हैं, जिस पर संचालक ने जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है।
गौशाला संचालक राघव शुक्ला ने किसानों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे द्वेषभावना से किया गया षड्यंत्र बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौशाला भारत सरकार से पंजीकृत है और पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाती है।
“मुझ पर और गौशाला पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा द्वेषभावना के तहत यह षड्यंत्र रचा गया है। हमारी गौशाला भारत सरकार से पंजीकृत है और पूरे परिसर में CCTV कैमरे लगे हैं, जिनसे 24 घंटे निगरानी होती है। गौसेवा ही हमारा एकमात्र संकल्प है। प्रशासन के निर्देशानुसार जल्द ही बाउंड्री की तारबंदी का काम भी पूरा करा लिया जाएगा।”



