
कानपुर देहात
राशन डीलरों के कमीशन में करीब 30% की बढ़ोतरी, प्रति क्विंटल कमीशन 90 रुपये से बढ़ाकर किया गया 125 रुपये……….. राशन वितरण केंद्रों पर अब मिलेंगी दैनिक जरूरत की वस्तुएं, 39 अतिरिक्त उत्पादों की बिक्री का हुआ ऐलान………. कानपुर देहात कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और डीएम कपिल सिंह ने लिया हिस्सा……….
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के राशन डीलरों को एक बड़ी सौगात दी है। सावन के तीसरे सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन डीलरों के हक में कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए। सरकार ने न केवल राशन डीलरों को ‘मां अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के रूप में एक नया और सम्मानजनक नाम दिया है, बल्कि उनके कमीशन में भी करीब 30 प्रतिशत की सीधी बढ़ोतरी कर दी है। इसके अलावा अब राशन वितरण केंद्रों से आम जनता को 39 दैनिक उपयोग के उत्पाद भी मिल सकेंगे। इस फैसले के बाद प्रदेश भर के राशन डीलरों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कानपुर देहात के माती स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में भी इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया, जहां राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सरकार के इस कदम की सराहना की।
उत्तर प्रदेश में अब राशन दुकानों की तस्वीर और राशन डीलरों की पहचान पूरी तरह बदलने जा रही है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन डीलरों के हित में कई बड़े फैसले लिए। सरकार ने राशन डीलरों के मान-सम्मान को ध्यान में रखते हुए उनका नाम बदलकर ‘मां अन्नपूर्णा भवन के संचालक’ कर दिया है। साथ ही योगी सरकार ने राशन डीलरों के कमीशन में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब तक राशन डीलरों को प्रति क्विंटल मिलने वाला 90 रुपये का कमीशन बढ़ाकर 125 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही राशन दुकानों को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाने के लिए अब यहां साबुन, तेल जैसे 39 अतिरिक्त दैनिक उत्पादों की बिक्री की अनुमति भी दे दी गई है।
इस मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूपी के सभी जिलों में किया गया। कानपुर देहात के माती स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित वृहद कार्यक्रम में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने राशन डीलरों को समाज में सम्मानजनक पहचान दी है।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजट जारी कर आधुनिक अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण का कार्य तेज कर दिया है। कानपुर देहात में 23 अन्नपूर्णा भवन जल्द बनकर तैयार हो जाएंगे, जबकि 159 अन्य भवनों के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भी सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक और जनहितैषी बताया।
मुख्यमंत्री के इन एलानों के बाद कानपुर देहात समेत पूरे प्रदेश के राशन डीलरों में भारी उत्साह है। राशन डीलरों ने सरकार के इस फैसले का खुले दिल से स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।



