
Written by
Report

कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सहजादपुर के पास हाई-वे पर करीब चार माह पहले क्रेन की चपेट में आकर हादसे के शिकार हुए डायल-112 के सिपाही की पत्नी को बुधवार को एसपी ने बैक व पुलिस अफसरों की मौजूदगी में एक करोड सत्तर लाख रुपये की सहायता राशि की चेक प्रदान की। इस मौके पर उनके परिजनों की आंखें नम हो गईं।
ग्राम उमरी थाना कोतवाली सदर जिला उन्नाव निवासी व 2018 बैच के सिपाही उन्तीस वर्षीय कुनाल भारती मौजूदा समय में कानपुर देहात जिले में डायल- 112 में कार्यरत थे। 23 अप्रैल को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अकबरपुर जाते समय कानपुर-औरैया हाई-वे पर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर के पास क्रेन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मेडिकल कालेज अकबरपुर में देर रात उनकी मृत्यु हो गई थी। सिपाही के पिता की 1994 में मृत्यु हो गई थी। उसके परिवार में उसकी मां नीता देवी, पत्नी सोनी देवी व साढे चार साल का पुत्र लक्ष्य है। बुधवार को पुलिस कार्यालय माती में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय व बैंक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख व सहायक महाप्रबंधक संतोष कुमार ने दिवंगत सिपाही कुनाल भारती की पत्नी सोनी देवी को एक करोड सत्तर लाख रुपये की सहायता राशि की चेक प्रदान की। एसपी ने कहा कि आरक्षी कुनाल भारती ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ किया था। उन्होने दिवंगत सिपाही के परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भरोसा भी दिया। दस मौके पर एएसपी आलोक प्रसाद, सीओ भोगनीपुर राजीव सिरोही भी मौजूद रहे।
.



