

कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के सरवनखेड़ा से दुकान बंद कर वापस घर आते समय मंगलवार रात में हुई कपड़ा कारोबारी की मौत के मामले में तीन नमाजद सहित आठ के खिलाफ पुलिस ने बुधवार मध्यरात्रि के बाद एक बजे हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। उसके मामा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद परिजन शांत हुए। इसपर पुलिस 18 घंटे बाद भोर पहर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
मूलरूप से जिठरौली गांव के मजरा डूडादेव का रहने वाला चौबीस साल का कौशल सिंह उर्फ अमन भदौरिया पुत्र चरन सिंह बचपन से ही ननिहल गंगागंज गजनेर में अपने मामा समरजीत सिंह के यहां रह रहा था। इसके साथ ही वह सरवनखेडा में कपड़े की दुकान किए था। मंगलवार रात में दुकान बंद कर आते समय सरवनखेडा-जिठरौली मार्ग पर पूज्य भाऊराव देवरस कालेज के सामने वह संदिग्ध हालात में घायल अवस्था में पड़ा मिला। उपचार के दौरान उसकी मौत होने पर परिजनों व गांव के लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए हंगामा किया था। कई थानों की फोर्स व पीएसी के साथ पहुंचे एडीएम प्रशासन अमित कुमार व एएसपी के समझाने के बाद भी परिजन रिपोर्ट दर्ज होने पर ही शव उठाने की जिद पर उठे रहे। इसके चलते अंतत: अफसरों के निर्देश के बाद गजनेर पुलिस ने रात 1.10 बजे उसके मामा समरजीत की तहरीर पर सरवनखेड़ा के सौरभ पुत्र शिव कुमार, राम सिंह उर्फ खन्ना पुत्र पप्पू परिहार व विकी अवस्थी पुत्र पवन अवस्थी के अलावा चार पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ राड तब्बल, हाकी व डंडों से हमला कर हत्या करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद भेार पहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।
-कारोबारी की मौत में पामा चौकी इंचार्ज पर गिरी गाज
गंगा गंज के कपाउ़ा करोबारी की मौत के मामले में अंतत: पमा चौकी प्रभारी मोहनवीर पर गाज गिर गई। एसपी ने उनको लाइन हाजिर करने के साथ ही पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि चौकी इंचार्ज को प्रकरण में लापरवाही पर एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही मामले में पूरे जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।
-पोस्टमार्टम में मिली 11 चोटें,हेड इंजरी बनी मौत की वजह
अकबरपुर में गुरूवार को कपड़ा कारोबारी के शव का डॉ.आरके गौतम व डॉ.मनोज गुप्ता के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। इसमें उसके सिर के अलावा, दाहिने हाथ की हड्डी टूटी मिली। जबकि उसके दाहिने व बाएं पैर के घुटनों के अलावा सीने , कंधे व हाथ की गदेलियों में ठोस औजार की चोटें मिलीं।पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने सिर में लगी गंभीर चोट से उसके कोमा में जाने को उसकी मौत की वजह बताया।



