

कानपुर देहात। मां की मौत के बाद पिछले छह साल से रसूलाबाद थाना क्षेत्र के डूडावर गांव स्थित ननिहाल में रह रहा एक सात साल का बच्चा खेलते समय गांव के किनारे तालाब में गिर गया। तलाश के दौरान उसका शव पानी में उतराता मिला। जानकारी होते ही वहां कोहराम मच गया।
बेला थाना क्षेत्र के कनकपुरवा गांव के रहने वाले राजेश की पत्नी विनीता की करीब छह साल पहले मृत्यु हो गई थी। उस समय विनीता के एक साल के पुत्र कुन्नू को पालन पोषण के इरादे से बच्चे के नाना रामबाबू उसको अपने साथ डूडावर रसूलाबाद ले आए थे। पिछले छह साल से वह अपने ननिहाल डूडावर में ही रह रहा था। शुक्रवार देर शाम वह गांव के किनारे खेलते समय अचानक फिसलकर तालाब में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। तलाश के दौरान देर रात उसका शव तालाब में उतराता मिला। जानकारी होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। उसके मामा हिमांशू व गोपी उसकी मौत पर बिलख उठे। सूचना पर कनकपुरवा बेला से पिता के साथ आई कुन्नू की बड़ी बहन बिट्टो का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराने के बजाय उसके पिता अपने साथ लेकर वापस गांव लौट गए। इंस्पेक्टर रसूलाबाद ने बताया कि परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।



