

कानपुर देहात। रूरा थाना क्षेत्र के बनीपारा जिनई में सिथत वाणेश्वर महादेव मंदिर से दो सितंबर को हुई दानपात्र मे ंपडे एक लाख रुपये की चोरी के मामले में 11 दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी तरह रूरा क ेसंकट मोचन मंदिर व अंबियापुर के एक घर में हुई लाखों की चोरी करी रिपोर्ट दर्ज होने का अभी तक इंतजार है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान बना है।
रूरा थाना क्षेत्र में गश्त पिकेट नदारद रहने व चोरियों की रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से बेलगाम चोर घरों व मंदिरों को निशाना बना रहे हैं। गत दो सितंबर को बनीपारा जिनई स्थित ऐतिहासिक वाणेश्वर महादेव मंदिर से दान पात्र की चोरी हो गई थी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर चोरों ने रूरा कस्बे में रेलवे ओवर ब्रिज के पास पिकेट प्वाइंट के नजदीक स्थित संकट मोचन मंदिर में दानपात्र को पार कर दिया। पांच दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर वाणेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति के प्रबंधक राम कृष्ण ने एसओ रूरा को दूसरी बार तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने का आग्रह किया, लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इधर अंबियापुर गांव गोरेलाल के घर में 7 सितंबर को घुसे चोरों ने करीब दो लाख कीमत के सोने चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। उसकी पत्नी लालती देवी ने पुलिस चौकी सिठमरा में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने गांव जाकर छानबीन की, लेकिन एक हफ्ता बीतने के बाद भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके पहले बजरंग नगर रूरा के शिक्षक निर्मल कुमार के घर में 6 अप्रैल को हुई चोरी की रिपोर्ट अभी तक दर्ज नहीं हो सकी। मामले में पीड़ितों ने वरिष्ठ अफसरों से रिपोर्ट दर्ज कराने की फिर से गुहार लगाई है। एसओ रूरा का कहना है वाणेवर मंदिर में चोरी की सीओ स्तर से जांच हो रही है।



