

कानपुर देहात : नगर पंचायत मूसानगर स्थित पौराणिक देवयानी सरोवर का 48 लाख की लागत से सुंदरीकरण होगा।बजट उपलब्ध होने के बाद नगर पंचायत ने इसका काम भी शुरू करा दिया है। इसके तहत यहां बांउड्रीवाल के अलावा ग्रिल के साथ चार गेट बनाए जाएंगे। जबकि हरी घास , मूर्तियों व झूलों से परिसर को सुसज्जित किया जाएगा। सुंदरीकरण कार्य तीन माह में पूरा कराने की तैयारी की गई है।
दैत्यराज बलि की राजधानी के रूप में चर्चित मूसानगर कस्बे का पौराणिक देवयानी सरोवर का इतिहास दैत्य्यगुरू शुक्राचार्य की पुत्री देवयानी व दैत्यराज वृषपर्वा की पुत्री शर्मिष्ठा से जुड़ा है। इतिहासकारों के अनुसार देवयानी से विवाह के बाद राजा यायाति ने इस तालाब का निर्माण काराया था। इस सरोवर से दो किमी दक्षिण में स्थित यमुना नदी के उत्तर गामिनी होने से इसको मातृ गया का दर्जा प्राप्त है। इस पौराणिक सरोवर के सुंदरीकरण के लिए अब 48 लाख रूपये का बजट स्वीकृत हुआ है। बजट मिलते ही शनिवार से तालाब के सुंदरी करण का काम शुरू करा दिया गया। नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि एस ऐतिहासिक तालाब के चारो ओर बांड्रीवाल बनाने के साथ ही 4 गेट बनाए जाएंगे। जबकि परिसर में हरी घास के साथ ही बेंचों मूर्तियो व झूलों की व्यवस्था के साथ ही स्वच्छता के लिए चारो ओर डस्टविन भी रखवाए जाएंगे। उन्होने बताया कि ठेकेदार को अगले तीन माह में सुंदरीकरण कार्य को हर हालत में पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।



