
रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के ख़िलाफ़ चल रहे छात्रों के आंदोलन का रविवार को 16 वां दिन है। आंदोलनकारियों और सरकार के बीच रविवार को रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में बातचीत हुई जिसमें 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने और एक उच्च स्तरीय जांच कमिटी बैठाने की मांग पर सहमति बनी है। आंदोलव के अगुआ देवेंद्रनाथ महतो गुट के प्रवक्ता रविंद्र रवि का कहना है कि सरकार के साथ 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने पर सहमति बनी है। जेपीएससी की दोनों बैकलॉग परीक्षा 2023 और 2025 रद्द किए जाने और परीक्षाओं की सीआईडी, ईडी, रिटायर जज से जांच कराए जाने पर सहमति बनी है। सूत्रों के मुताबिक़ छात्र परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने की माँग पर अड़े हुए हैं, फिलहाल छात्रों ने सोमवार को विधान सभा का शांतिपूर्ण घेराव करने का एलान किया है।



