
Written by
Report

कानपुर देहात। औरैया- कानपुर हाईवे पर सिकंदरा कस्बे में सूर्या ओवर बिज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार इकदिल इटावा के दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी सिकंदरा भेजा। वहां मौजूद डॉक्टर ने बाइक सवार अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया।
रामनगर इकदिल इटावा के रहने वाले पचपन साल के मोहन सिंह अपनी पत्नी पचास वर्षीय किरन सिंह के साथ बाइक से गुरूवार को अपनी सुसराल भैरमपुर कानपुर जा रहे थे। कानपुर औरैया हाईवे पर सिकंदरा कस्बे में सूर्या तिराहे के पास स्थित हाईवे के ओवर ब्रिज के पास करीब सवा तीन बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह हाईवे पर दूर जा गिरे। इससे बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। घायल दंपति को हाईवे पर पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इंस्पेक्टर सिकंदरा सुधाकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर उनके परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी सिकंदरा भेजा। वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद मोहन सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन सिकंदरा पहुंचे तो कोहराम मच गया। पिता की मौत से उनके पुत्र पंकज व आकश के अलावा पुत्री मंजू का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर सिकंदरा ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार वाहन चालक का पता कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



