

कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के परजनी के पास दो बाइक टकरा गई । दुर्घटना में नहोली गांव के रहने वाले भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी झींझक भेजा। वहां से रेफर होकर मेडिकल कालेज आते समय युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया है ।
नहोली गांव निवासी बीस वर्षीय आशीष पुत्र दरोगा सिंह अपनी चौदह साल की बहन आकांक्षा के साथ अपनीब ननिहाल बलरामपुर कंचौसी गया था। देर शाम भाई बहन बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में परजनी के पास तेज रफ्तार दूसरी बाइक की टक्कर से भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का सवार गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर उन्हें सीएचसी झींझक भेजा। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ निशांत पाठक ने जांच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया ।इससे कोहराम मच गया। बेटे की मौत से उसकी मां मीरा बदहवास हो गईं। इसके बाद डॉक्टर ने पुलिस को मेमो भेजा।इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार दूसरे बाइक सवार का पता कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम कराने परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



