
र
-जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर शुरू की छानबीन
कानपुर देहात। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर रूरा स्टेशन के पास देर रात रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे जीआरपी चौकी प्रभारी झींझक ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रूरा कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले का रहन वाला पच्चीस वर्षीय विक्की सविता पुत्र राजू सविता पिता के साथ बाल कटिंग का काम करता था। शनिवार रात करीब 1 2बजे वह रूरा स्टेशन के पास डाउन रेलट्रैक पार करते समय डाउन लाइन में खंभा नंबर 1062/6-8के बीच वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मालगाड़ी के गार्ड ने स्टेशन मास्टर रूरा को घटना की सूचना दी।इसके बाद स्टेशन मास्टर अखिलेश वर्मा ने जीआरपी चौकी झींझक को मेमो भेजा।सूचना पर जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उसके पास मिले मोबाइल से दी गई सूचना पर वहां पहुंचे परिजनों के बिलखने से कोहराम मच गया।पति की मौत से उसकी पत्नी मोहिनी बदहवास हो गई, जबकि मां नीलम व पिता राजू बिलख उठे। 00। परिजनों ने बताया कि सात माह पहले ही उसकी शादी हुई थी । जीआरपी चौकी प्रभारी झींझक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।



