
Written by
Report

कानपुर देहात। एडीजी यातायात के निर्देश पर रविवार रात में तीन घंटे तक ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थानों की पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों से लेकर प्रेशर हार्न, हूटर, बसों में मेडिकल किट व बसों में अग्निसुरक्षा उपकरणों आदि की सघन चेकिंग का अभियान चलाया। इस मौके पर अनियमितता करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना भी वसूला गया। इससे वाहन चालकों मेें अफरा-तफरी की स्थिति रही।
जनपद में सड़क हादसों में कमी लाने और रात के समय फर्जी नंबर प्लेट लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने के साथ ही हूटर व मोडीफाई साइलेंसर के खिलाफ एडीज़ी यातायात के निर्देश पर रविवार रात में 8 बजे से लेकर11 बजे तक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी थानों के साथ ही यातायात पुलिस ने हाई-वे पर उतरकर अभियान की कमान संभाली। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों को रोककर साइलेंसर, हॉर्न, नम्बर प्लेट चेक करते हुए ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की सघन जांच की गई। विशेष अभियान के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा के तहत मेडिकल किट,फायर सिलेंडर, आपातकालीन द्वार सहित ओवरलोडिंग एवं यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों की भी जांच की गई। अभियान में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुये 32 वाहनों का अलग- अलग नियमों के उल्लंघन में चालान किया। इसके साथ ही वाहन स्वामियों व चालकों से 3 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहाकि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसी तरह अचानक अभियान चलाकर लापरवाही करने और शराब पीकर वाहन चलाने से लेकर नंबर प्लेट बदलकर या बिना नंबर प्लेट के चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



