

कानपुर देहात। पत्नी को विदा कराने शिवली से अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव स्थित ससुराल आए युवक की नशेबाजी में हुए विवाद में ईंट व सिलबटटे से हमलाकर नृशंस हत्या की गई थी। पूछताछ में हिरासत में लिए गए उसके ससुर व पत्नी ने वारदात की स्वीकारोक्ति कर ली। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर सास, ससुर व पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टा व ईट को बरामद कर लिया।
शिवली कस्बे के वार्ड नंबर-3 बाजार वाली गली में रहने वाले चालीस साल के रिंकू उर्फ अजय कश्यप की पत्नी सुनीता बीस दिन पहले घर में हुए विवाद के बाद अपने चार बच्चों को लेकर मायके अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव में आ गई थी। रविवार को रिंकू अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल आया था। यहां देर रात शराब पीने के बाद ससुर शिवनारायण व रिंकू में मारपीट हो गई। इससे गुस्साए शिव नारायण ने ईट से उस पर हमला कर दिया। जबकि पिता से मारपीट कर रहे पति पर सुनीता ने भी सिलबट्टा फेंककर मारा। इससे रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सोमवार को गांव पहुंचे सीओ सदर संजय सिंह व अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह को घटना स्थल पर खून फैला होने व मृतक के सिर व शरीर में चोटों के निशान मिले थे। पूछताछ व छानबीन के बाद पुलिस ने शिवनारायण व सुनीता को हिरासत में लेने के साथ ही शव पोस्टमार्टम को भेजा था। मामले में मृतक के छोटे भाई मनोज की तहरीर पर पुलिस ने रिंकू उर्फ अजय की पत्नी सुनीता उसकी मां मीना व पिता शिव नारायण के खिलाफ देर रात अकबरपुर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। हिरासत में लिए गए मृतक की पत्नी व ससुर से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट व सिलबट्टा को बरामद कर लिया। अकबरपुर कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में नशेबाजी के बाद हुए विवाद में दोनों ने घटना कारित होने की स्वीकारोक्ति की है। आरोपित ससुर शिवनारायण व मृतक की पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि आरोपित सास की तलाश की जा रही है।
-बारह साल के बेटे ने खोली नाना और मां की करतूत
पत्नी को विदा कराने आए शिवली के रिंकू उर्फ अजय कश्यप की हत्या के बाद दूसरे दिन उसके ससुर शिव नारायण ने पुलिस को घर में रिंकू का शव पड़े होने की खुद ही सूचना दी थी। गांव पहुंची पुलिस ने वहां खून पड़ा मिलने व मृतक के सिर में चोट देख पूछताछ की तो वहां मौजूद रिकू के बड़े बेटे अमित ने पुलिस को नाना व मां की पूरी करतूत बता दी। किस तरह से विवाद के बाद नाना और उसकी मां ने पिता को मार डाला इसकी कहानी बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद उनकी निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टा व ईंट को बरामद कर लिया।
-पिता की मौत व मां गिरफ्तार , बेसहारा हुए मासूम बच्चे
नशेबाजी में होने वाली कलह में जहां रिकू की जान चली गई। वहीं उसकी हत्या के आरोप में उसकी मां सुनीता के गिरफ्तार होने के बाद बारह साल के अमित, नौ साल के सुमित, सात साल के रितिक व पांच साल के वतन बेसहारा हो गए। शिवली में भाई की मौत से उसकी बहनों रेखा व रिकंी का रो-रो कर बुरा हाल रहा। जबकि मंगलवार को परिजनों ने उसके शव को खेरेश्वर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।



