
Written by
Report

कानपुर देहात। जनपद में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने घरों में गाय के गोबर से गिरिराज की आकृति बनाकर पूजन अर्चन किया। शाम को लोगों ने एक दूसरे के घरों में पहुंचकर बुजुर्गों का आर्शीवाद लिया।जबकि रात में घरों में भव्य रोशनी के साथ आतिशबाजी ने आसमान में सतरंगी छटा बिखेरी।
पंच पर्व दीपावली के क्रम में मंगलवार को धूमधाम के साथ घरों के बाहर गोवर्धन की स्थापना करने के साथ विधि विधान से पूजन किया गया। इस मौके पर महिलाओं ने घरों में बने खाद्य पदार्थों व मिठाइयों का भोग लगाया गया। विद्वानों के अनुसार देवराज इंद्र का मान मर्दन करने व गो संवर्धन व संरक्षण के उद्देश्य से भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन की पूजा कराई थी। शाम को लोगों ने एक दूसरे के घरों में पहुंचकर बड़े बुजुर्गों का आर्शीवाद लिया। इस मौके पर घरों में सुंदर रंगोली सजाने के साथ दीपकों व झालरों की सजावट की गई।घरों में बनाए गए पकवानों का भी सभी ने लुत्फ उठाया। रात में रंगीन इलेक्ट्रानिक्स झालरों की रंगीन छटा लोगों का मन मोहती रही। वहीं आतिशबाजी की सतरंगी छटा बिखरने से युवाओं व बच्चों में उल्लास का माहौल दिखा। जबकि लोगों ने गौमाता का पूजन-अर्चन भी किया।



