

कानपुर देहात। जनपद में डेंगू कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बडी तादाद में डेंगू के लक्षण वाले बुखार से पीड़ित मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। जिले में अब तक मिले 48 डेंगू पीड़ितों में सर्वाधिक डेरापुर ब्लॉक के मरीज शामिल हैं। इनमें सरगांव खुर्द व सिठमरा में डेंगू लगातार कहर बरपा रहा है। सरगांव खुर्द में दो नए केस मिलने के बाद यहां डेंगू पीड़ितों की संख्या 9 हो गई है। वहीं सिठमरा में अभी भी बडी तादाद में मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
जिम्मेदारों की अनदेखी के साथ ही जांच व उपचार की खाना पूरी करने से जिले में डेंगू कहर बरपा रहा है। सरकारी आकडों में जिले में अब तक 48 डेंगू पीड़ित चिह्नित हुए हैं। इनमें 4 मरीजों का अभी विभाग सत्यापन नहीं कर सका है। डेरापुर ब्लॉक के 7 गांवों में अब तक 20 डेंगू पीड़ितों का सत्यापन हो चुका है। इसमेंं सरगांव खुर्द में 9 व सिठमरा में 5 डेंगू पीड़ितों की पुष्टि हो चुकी है। इनके अलावा जिले के 29 गांवों में अब तक 34 डेंगू पीड़ित मिले हैं।सरकारी आंकड़ों में भले ही डेंगू की संख्या कम हो,लेकिन निजी अस्पतालों में एक महीने में ही करीब 200 से अधिक डेंगू के मरीजों का उपचार हो चुका है। निजी चिकित्सकों की मानें तो कार्ड टेस्ट के साथ मरीज में डेंगू के लक्षण मिलने के कारण उसका डेंगू का ही उपचार हो रहा है। हालाकि एलाइजा टेस्ट न होने के कारण निजी अस्पताल अपने आंकड़े स्वास्थ्य विभाग से साझा नहीं कर रहे हैं। इसके कारण भी जिले में डेंगू का प्रकोप और अधिक चरम पर आ रहा है। इधर सरंगाव खुर्द में लगातार डेंगू केस मिलने व सिठमरा में 5 डेंगू केस मिलने व डेंगू के लक्षण वाले बुखार से एक मौत व बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के बाद भी स्वास्थ्य महकमा सब कुछ कंट्रोल में बताकर अपने कर्तब्य की इतिश्री किए है। हालांकि मलेरिया विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर फोकल स्प्रे कर रही हैं। डीएमओ मारूति दीक्षित ने बताया कि जिले में जांच में अब तक डेंगू के 48 मरीज मिल चुके हैं। इनमें चार का अभी सत्यापन नहीं हो पाया है। सरगांव खुर्द व सिठमरा में टीम भेजकर प्रभावित घरों के आसपास छिड़काव कराया जा रहा है।




