
कानपुर देहात। आईजीआरएस में दर्ज होने वाली शिकायतों में जिले के 15 थानों की पुलिस ने एक बार फिर से प्रदेश मे ंपहला स्थान हासिल किया। इसमें आई जीआरएस सेल में कार्यरत महिला आरक्षी के बेहतर कार्य के लिए एसपी ने उसे प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के साथ ही उसका उत्साह बढाया।
अक्टूबर माह में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में जनपद कानपुर देहात पुलिस को एक बार फिर से प्रथम स्थान हासिल हुआ। जिले के 17 थानों में प्रदेश स्तर पर हुई थाना वार रैंकिंग में अकबरपुर, रूरा, गजनेर, महिला थाना,रनियां,भोगनीपुर, देवराहट, सट्टी, डेरापुर, बरौर, शिवली, सिकंदरा, अमराहट, मंगलपुर व राजपुर थाने का पहला स्थाल प्राप्त हुआ। जबकि रसूलाबाद व मूसानगर थाने रैंकिग में पिछड़ गए। इस उपलब्धि में आईजीआरएस सेल में नियुक्त महिला आरक्षी अनामिका का शिकायतों के निर्धारित समय में गुुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराने में सराहनीय योगदान रहा। इस पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने उत्कृष्ट कार्य करने में महिला आरक्षी अनामिका को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एएसपी आलोक प्रसाद,आईजीआरएस सेल प्रभारी अमित शुक्ला भी मौजूद रहे।




