
कानपुर देहात। सावन के तीसरे सोमवार को जिले के 37 प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक व पूजन के लिए सुबह से ही आस्था का ज्वार उमड़ा।बनीपारा जिनई के बाणेश्वर मंदिर में हर हर महादेव के जयकारे के साथ श्रद्धालुओं व कावड़ियों ने जलाभिषेक किया। वहीं प्रमुख मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बिल्वपत्र, दूध, फल, धतूरा आदि अर्पित कर पूजन किया।
शिव आराधना के पावन माह सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में भगवान भूत भावन शंकर के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।मंदिरों के कपाट खुलते ही बनीपारा जिनई के पौराणिक बाणेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं व कावड़ियों ने जयकारों के साथ जलाभिषेक किया। इसी तरह व रसूलाबाद के धर्मगढ़ मंदिर, अमरौधा के महाकालेश्वर मंदिर,डेरापुर के कपालेश्वर मंदिर व शिवली के जागेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे समय बम भोले व हर हर महादेव के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। इसी तरह
नबीपुर के झाड़ीबाबा मंदिर, बाढ़ापुर के जंगलेश्वर महादेव,पुखरायां के बडे महादेवन मंदिर, असालतगंज के द्रोणेश्वर महादेव, कुर्सीखेड़ा के कपिलेश्वर मंदिर, कहिंजरी के महाकालेश्वर मंदिर में जलाभिषेक व पूजन की धूम रही। इसी तरह बैरी सवाई के महाकालेश्वर मंदिर, शिवली के ओंकारेश्वर मंदिर, नागेश्वर मंदिर,जमथरखेडा के जमदग्नि आश्रम के शिवमंदिर, पुखरायां के बड़े महादेवन मंदिर, बाघपुर स्थित योगेश्वर महादेव,मूसानगर के पुराने शिव मंदिर व किशरवल रनियां के पातालेश्वर मंदिर में जयकारों के साथ पूजन व जलाभिषेक संपन्न हुआ।




