
Written by
Report

कानपुर देहात।सीडीओ ने गुरूवार को विकास भवन में स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अलग- अलग दफ्तरों में कार्यरत 12 कर्मचारी बिना सूचना के गायब मिले। इस पर इन सभी का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सीडीओ विधान जायसवाल ने गुरूवार को विकास भवन परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं कर्मियों की उपस्थिति के साथ ही अभिलेखों के रख-रखाव आदि का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मी पूजा , डीपीआरओ कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक सुरेन्द्र बहादुर, स्वच्छ भारत मिशन के डीसी अश्वनी त्रिवेदी,स्वत: रोजगार कार्यालय की डीएमएम निखा सचान, पूजा वर्मा व अंकित, लघु सिचाई कार्यालय के प्रधान सहायक राकेश कुमार सचान, कनिष्ठ सहायक शशिकांत वर्मा, हिमांशु कुमार जायसवाल व चतुर्थ श्रेणी कर्मी कमलेश कनोजिया अनुपस्थित पाए गए। इनके अलावा कृषि विभाग के मोहित मिश्रा को आकस्मिक अवकाश पर बताया गया, लेकिन मानव संपदा पोर्टल पर सक्षम अधिकारी से अनुमति नहीं लिए जाने की बात सामने आई। जबकि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मी श्री महेंद्र वर्मा भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने सभी कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया। इस मौके पर उन्होने उपसिथत अफसरों व कर्मियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने के साथ ही शासन की प्राथमिकताओं व जनकल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।




