


कानपुर देहात। रूरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के सामने शनिवार सुबह इटावा से कानपुर की ओर आ रही पेसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से बर्वा रसूलपुर बरौर की रहने वाली एक युवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की छानबीन में उसके पास आधार कार्ड व घर का नंबर बरामद हुआ। इस पर उसके परिजनों को सूचना देकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बरौर थाना क्षेत्र के बरवा रसूलपुर गांव की रहने वाली स्वाती (25) पुत्री राम आधार मानसिक बीमारी से पीड़ित थी। शुक्रवार दोपहर में वह बिना बताये घर से निकल गई थी। भटकते हुए वह रूरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव पहुंच गईं।शनिवार को दिल्ली-हावडा रेल मार्ग में वह जगदीशपुर गांव के सामने डाउन रेल ट्रैक पार कर रही थी। इसी बीच खंभा नंबर 1064/6-8 के बीच इटावा से कानपुर जा रही पेसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहां से निकले ट्रैक मैन ने शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर रूरा को दी। वहां से भेजे गए मेमो पर रूरा थाने से एसआई उदय सिंह मौके पर पहुंचे। छानबीन में मृतका के पास से मिले आधार कार्ड व मोबाइल नंबर मिला । पुलिस से हादसे की जानकारी मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। बेटी की मौत से उसकी मां राम प्यारी व भाई राजेश व अखिलेश बिलख उठे। मौके पर पहुंचे परिजनों के शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ रूरा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।




