

कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव के एक युवक का फोन हैक करने के बाद साइबर ठग ने 31 जुलाई को 5,99,948 रुपये पार कर लिए थे। मामले में पीड़ित ने साइबर हेल्प लाइन नंबर के साथ ही अकबरपुर स्थित साइबर क्राइम थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। गुरूवार को साइबर थाने की टीम ने पीड़ित से ठगे गए सभी रुपये साइबर ठग से वापस करा लिए।
बिरसिंहपुर गांव के रहने वाले अतुल कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार का फोन हैक करने के बाद साइबर ठग ने 31 जूलाई 2026 को उसके खाते से 5,99,948 रुपये पार कर लिए थे। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 के साथ ही अकबरपुर सिथत साइबर क्राइम थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी अब्दुल कलाम ने एसआई विश्वेंद्र सिंह मलिक के साथ ही साइबर टीम के सहयोग से साइबर ठग के संबंधित बैंक एकाउंट का डेबिट फ्रीज कराने के साथ ही पीड़ित के खाते से निकाले गए सभी रुपये वापस करा लिए।साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने बताया कि गुरूवार को पीड़ित के खाते में ठगे गए सभी रुपये वापस करा दिए गए। इसके साथ ही पीड़ित को उसके खाते में रुपये वापस कराए जाने की स्लिप उपलब्ध कराई गई। रुपये वापस मिलने से पीड़ित ने साइबर टीम के प्रति आभार जताया।




