
Written by
Report

कानपुर देहात । राजपुर थाना क्षेत्र के पैलावर गांव में एक चाट विक्रेता के घर में घुसकर चोरों ने लाखों कीमत के सोने चांदी के आभूषण व नगदी पार कर दी। घटना के समय परिजन सोते रहे और उनको वारदात की भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर उनके घर में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन करने के साथ संदिग्ध चोरों की तलाश शुरू की है।
पैलावर गांव के रहने वाले दीप सिंह पाल चाट का ठेला लगाते हैं। गुरूवार शाम को खाना खाने के बाद उनकी पत्नी रेखा अपने पुत्र रिषभ व पुत्री अवनी के साथ कमरे में लेटी थी। जबकि दीप सिंह कमरे के बाहर आगन में लेटे थे। रात में चोर उनके मकान की पीछे की दीवार से छत पर आने के बाद जीने से नीचे उतरने के बाद कमरे में रखी अलमारी व बक्सों के लॉक व ताले तोड़कर चोरों ने तीन लाख कीमत के सोने चांदी के आभूषण करीब 25 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। इसके बाद चोर आराम से वहां से निकल गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सोते रहे और उनको चोरी की भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर उनके घर में कोहराम मच गया। सूचना पर एसओ राजपुर सूर्य प्रताप सिंह व एसआई उपेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ व छानबीन की। एसओ राजपुर ने बताया कि घटना की छानबीन व संदिग्ध चोरों की तलाश की जा रही है।




