

कानपुर देहात। सिकंदरा थाना क्षेत्र के नसीरपुर के पास नहर में गिरने से बाइक सवार सिंगरौली अमराहट निवासी एक युवक की मौत हो गई।वह ऊमरपुर में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। शनिवार सुबह उनका शव नहर में उतराता मिला। जानकारी होते ही उनके घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमराहट थाना क्षेत्र के सिंगरौली के रहने वाले सैंतीस वर्षीय सामंत सिंह यादव शुक्रवार को अपने भाइयों मनीष व मुकेश के साथ सिकंदरा में ईट खरीदने आए थे। यहां ईंट ट्रैक्टर पर लदवाने के बाद तेरहवी संस्कार में ऊमरपुर के रहने वाले रमेश शुक्ला के यहां जाने की बात कहकर उन्होने दोनों भाइयों को वापस गांव भेज दिया था। रास्ते में सिकंदरा क्षेत्र के नसीरपुर के पास औरैया भोगनीपुर के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से वह बाइक सहित नहर में जा गिरे। इससे उनकी मौत हो गई। देर रात तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका फोन बंद होने से पता नहीं चल सका। शनिवार को उनका शव नहर में पुल के पास अटका मिला। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर सिकंदरा सुधाकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव व बाइक को पानी से बाहर निकलवाया। लोगों से नहर में शव मिलने की जानकारी पर उनके भाई वहां पहुंचे और शव देखते ही बिलख उठे। इसकी जानकारी होते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पति की मौत से उनकी पत्नी गीता देवी बदहवास हो गईं। जबकि पुत्र अवनीश कुमार व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर सिकंदरा ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में किसी वाहन की टक्कर लगने से उनके बाइक सहित नहर में गिरने की संभावना लोगों ने जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।




