

कानपुर देहात। तेज रफ्तार दो बाइक सोमवार को रूरा-शिवली मार्ग पर रसूलाबाद मोड के सामने टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।उनको गंभीर हालत में सीएचसी शिवली लाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर ने दोनों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इससे वहां कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रूरा थाना क्षेत्र के सिमरामऊ गांव निवासी विजय कुमार का सत्ताइस वर्षीय पुत्र दिवाकर सक्सेना जयपुर राजस्थान में पेंटिग का काम करता था। पत्नी लक्ष्मी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह छुट्टी लेकर गांव आया था। इस समय लक्ष्मी अपने मायके नौबस्ता कानपुर नगर में रहकर उपचार करा रही है। रविवार को वह पत्नी को डॉक्टर को दिखाने जाने की बात कहकर घर से सुसराल गया था। सोमवार दोपहर में वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। रूरा-शिवली मार्ग पर रसूलाबाद मोड के पास तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दिवाकर के अलावा दूसरी बाइक का सवार मो. राज पुत्र गुलाम रसूल निवासी तालिब सराय उन्नाव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे एसआई लोकेश सैनी ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर उनको सीएचसी शिवली भेजा। वहां मौजूद डॉ.सिंदूजा ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से भेजी गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बाइक आमने सामने टकराने से हादसा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
-अस्पताल पहुंचे परिजन बेहाल,मची चीख पुकार
पुलिस से जानकारी मिलते ही सिमरामऊ में अफरा तफरी मछवगै,परिजन तत्काल शिवली सीएचसी पहुंचे। वहां दिवाकर की मौत की जानकारी होते ही परिजनों के बिलखने से कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पत्नी लक्ष्मी बदहवास हो गई। जबकि बेटे की मौत से उसकी मां शोभा व बहन पूजा का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इधर हादसे में मो. राज की मां रेशमां व बहन गुलशन का बुरा हाल रहा। परिजनों को बिलखता देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।




