
Written by
Report

कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के प्रयागपुर गांव में दस दिन पहले हुई मारपीट में घायल अधेड़ की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फंटी को बरामद कर लिया। इसके बाद तीनों का चालान करने के साथ ही आरोपित महिला की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है।
प्रयागपुर गांव में 21अक्टूबर को पुरानी रंजिश में हुई मारपीट में पचपन साल के रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी पुत्री
सिद्धकुमारी ने गांव के ही शोभित, सुमित, सुनीता और रूरा थाना क्षेत्र के भानदत्तपुरवा के रहने वाले उनके रिश्तेदार राहुल के खिलाफ घर में घुसकर पिता पर जानलेवा हमलाकर गंभीर रूप से घायल करने व बचाने के प्रयास में हमलावरों पर मारपीट करने व जान से मार डालने की धमकी देने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने घायल रामचंद्र को उपचार के लिए भेजा था। उनका इलाज हैलट अस्पताल कानपुर में चल रहा था। उपचार के दौरान 30 अकटूबर को उनकी कानपुर में मृत्यु हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमें को गैर इरादतन हत्या में तरमीम करने के बाद आरोपित शोभित पुत्र अरविंद उसके भाई सुमित व भानदत्त का पुरवा के रहने वाले राहुल पुत्र सुखवासी को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपितों की नियशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फंटी को बरामद कर तीनों का चालान कर दिया गया। उन्होने बताया कि मामले में आरोपित महिला की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।




