
Written by
Report

कानपुर देहात।मंगलपुर पुलिस ने 38 साल से फरार चल रहे लूट के आरोपित को कांशी राम कालोनी औरैया से दबोच लिया। हाईकोर्ट में 1986 में की गई अपील में जमानत के बाद छूटने के बाद वह फरार हो गया था। फरारी के बाद वह लंबे समय तक पानीपत में रहकर काम करता रहा। वहीं करीब तीन साल से औरैया की कांशीराम कालोनी में अपनी बहू के पास रह रहा था। मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी बालिस्टर उर्फ रमेशचंद्र लूट के मुकदमें में आरोपित था। उच्च न्यायालय इलाहाबाद में अपील संख्या 327/1988 से जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। इसके बाद उसके अदालत में हाजिर नहीं होने पर कोर्ट से उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाने पर हाईकोर्ट ने एसपी को अदालत में तलब कर लिया था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने उसकी तलाश तेज की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने काशीराम कालोनी मेन रोड औरैया से फरार इनामियां मुरादपुर निवासी बालिस्टर उर्फ रमेश चंद्र पुत्र स्व. मौजी लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर की गई पूछताछ में उसने बताया कि जेल से रिहा होने के बाद गांव का घर बेचकर वह पानीपत हरियाणा चला गया था। तीन साल पहले वह अपने पुत्र के बाहर नौकरी करने जाने के कारण बहू के साथ आकर कांशीराम कालोनी आरैया में रहने लगा था। पूछताछ करने के बाद पकड़े गए 38 साल से फरार इनामियां शातिर का चालान कर दिया गया।




