
Written by
Report

कानपुर देहात। सिकंदरा थाना क्षेत्र के चितवाखेड़ा रसधान गांव के युवक की ईट से हमलाकर जान लेने वाले पिता के खिलाफ उसके दूसरे पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप है कि 15 लाख की जमीन बेंचने के बाद आरोपित पिता साढ़े तीन लाख रुपये की शराब पी गया था। इसका विरोध करने से गुस्साए पिता ने भाई पर पत्थर से हमला कर दिया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने फरार आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है।
चितवाखेड़ा रसधान निवासी रामजीवन कुशवाहा ने कुछ दिन पहले 15 लाख रुपये में एक बीघा चार विस्वा जमीन बेंची थी। जमीन बिक्री के रुपयों से शराब पीने का विरोध करने से गुस्साए रामजीवन ने 21 सितंबर की रात में अपने पच्चीस साल के पुत्र अभिषेक के सिर में पत्थर से हमला कर दिया था। उपचार के दौरान कानपुर के एक निजी अस्पताल में बुधवार को उसकी मौत हो गई थी। मामले में मृतक के भाई आनंद कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता ने पुश्तैनी जमीन 15 लाख रुपये में बेंची थी। उसका आरोप है कि जमीन बिक्री के रुपयों में साढे़ तीन लाख रुपये की पिता शराब पी गए थे। इसका विरोध करने पर पिता ने उसके भाई अभिषेक के सिर में पत्थर से हमला कर उसको लहूलुहान कर दिया था। मेडिकल कालेज अकबरपुर से इलाज के बाद उसको वह लोग कानपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए थे। वहां इलाज के दौरान उसकी बुधवार को मृत्यु हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुधवार देर शाम उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इंस्पेक्टर सिकंदरा सुधाकर सिंह ने बताया कि आनंद की तहरीर पर उसके पिता रामजीवन कुशवाहा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद फरार आरोपित की तलाश में पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।





