
Written by
Report

कानपुर देहात। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के रजऊ गांव में ग्रामसभा भूमि पर कब्जा कर रखी गई झोपडी हटाने के निर्देश के बाद बुधवार रात में झोपडी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आरोप है कि झोपडी जलने के सदमें में एक महिला की मौत हो गई। मामले में गांव के ही पिता-पुत्र पर झोपडी में आग लगाने का आरोप लगाकर दी गई तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
रजऊ असालतगंज के रामकृष्ण ने डीएम से गांव के ही सोबरन व विनोद कुमार आदि पर ग्राम सभा भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाकर शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर राजस्व कर्मियों ने बुधवार को गांव पहुंचकर छानबीन करने के बाद अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद रात में झोपडी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इससे वहां रखा सामान जल गया। आरोप है कि झोपड़ी जलने के सदमें में सोबरन की साठ साल की पत्नी लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने रामकिशन त्रिपाठी व उनके पुत्र सौरभ पर झोपडी में आग लगाने का आरोप लगा हंगामा शुरू किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार रसूलाबाद पंकज उपाध्याय व इंस्पेक्टर रसूलाबाद ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके साथ ही सोबरन के भतीजे विनोद कुमार की पत्नी पूजा की तहरीर पर राम किशुन व उनके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर रसूलाबाद शिव नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक छानबीन में महिला के पहले से बीमार होने व भाऊसिंह पुरवा में रहने वाली पुत्र_ी के यहां रुककर उपचार कराए जाने की बात सामने आई है। प्रकरण की गहन छानबीन हो रही है। शव का पंचनामा कराया जा रहा है। इसके साथ ही सभी तथ्यों की गहन छानबीन की जा रही है। एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि घटना के समय लक्ष्मी गांव मे ंनहीं थी। गुरूवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत होने के बाद उसका शव रजऊ गांव लाए जाने की बात छानबीन में सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व साक्ष्य संकलन के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
-सरकारी जमीन पर रखी झोपडी हटाने का दिया गया था निर्देश
रसूलाबाद के तहसीलदार पंकज उपाध्याय ने बताया कि डीएम के यहां हुई शिकायत पर बुधवार को जांच कराने के बाद ग्रामसभा भूमि पर झोपडी रखकर किए गए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया था।राजस्व टीम के वापस आने के बाद झोपडी में आग लगने की घटना होने के मामले में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।





