

हमीरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और महिलाओं की धार्मिक आस्था पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर मंगलवार को हमीरपुर में सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सपाई हाथों में पुतला लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और वहां पुतला फूंकने का प्रयास किया।
सपा नेता व नगर पालिका के पूर्व प्रत्याशी युगांक मिश्रा की अगुवाई में सपाइयों ने भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी के विरोध में कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र हैं। उनके पवित्र धाम और जीवन चरित्र पर अनर्गल टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी,माताओं-बहनों के व्रत जैसी पवित्र परंपरा पर टिप्पणी करना घोर अपमान है।उन्होंने मांग की कि प्रशासन इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करे।प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके पहले सपाइयों ने कलेक्ट्रेट परिसर में उनका पुतला फूंकने का प्रयास किया। लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने पुतला छीन लिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोंक हुई।



