

कानपुर देहात। रोशनी के पर्व दीपावली में अब तीन दिन का समय शेष है। इसके चलते रंग-बिरंगी झालरों का बाजार सज गया है। महंगाई के बाद भी रंग-बिरंगी आर्टिफिशियल झालरों व दीपों से घरों को चमकाने की ललक युवाओं को इनकी ओर आकर्षित कर रही है। हालांकि इस बार सस्ती होने के बावजूद चाइना की रंग-बिरंगी झालरों का क्रेज नहीं दिख रहा है।
जिले में रोशनी का पर्व दीपावली का त्योहार 8नवंबर को मनाया जायेगा। दीपोत्सव पर घरों को जगमग करने वाली रंग-बिरंगी झालरों से अकबरपुर, रूरा, रसूलाबाद, शिवली, झींझक व पुखरायां सहित सभी नगरीय क्षेत्रों के बाजार रोशन हो गए हैं।बाजारों में इलेक्ट्रिक मोमबत्ती, दीपक और कलश वाली फैंसी झालरें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।इसके अलावा किफायती दामों में खूबसूरत डिजाइनर झालरें भी युवाओं को लुभा रही हैं। युवा दुकानों में पहुंचकर अपनी पसंद की झालरें खरीद रहे हैं। झालरों की खरीदारी अभी से शुरू होने से देर रात तक बाजार रोशन हो रहे हैं। दुकानों में सीरियल से लगे दीपक हों या फिर मोमबत्ती वाली झालरें या रंग-बिरंगें बल्ब से सुसज्जित झालरें, इनको घरों में सजाने के लिए युवा आतुर हैं।
-इस बार देशी झालरों की अधिक हो रही मांग
शिवली के झालर विक्रेता अजय मिश्रा ने बताया कि देशी झालरों की मांग अघिक हो रही है। बाजार में साथ रुपये से लेकर तीन हजार रुपये कीमत की झालर बाजार में उपलब्ध है। वहीं फूल वाली, लीची वाली,बेर वाली, लैंप वाली, अंगूर वाली झालरें आकर्षण का केंद्र हैं।



